होली से पहले बड़ी कार्रवाई: 100 किलो गुलाब जामुन नष्ट, 11 हजार लीटर से अधिक तेल सीज
ग्रेटर नोएडा |खबरी यूपी
होली के त्योहार से पहले बाजार में मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में गठित टीमों द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 किलो से अधिक गुलाब जामुन नष्ट कराए और करीब 11 हजार लीटर से अधिक खाद्य तेल सीज किया है।
100 किलो गुलाब जामुन कराए नष्ट
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि टीम ने रसूलपुर नवादा, सेक्टर-62 नोएडा स्थित सम्यक मिठाईवाला के प्रतिष्ठान पर जांच की। यहां लगभग 100 किलोग्राम गुलाब जामुन प्रदूषित अवस्था में मिले, जिन पर मक्खी-मच्छर पड़े हुए थे। एक नमूना जांच के लिए लिया गया, जबकि शेष गुलाब जामुन मौके पर ही नष्ट करा दिए गए।
बड़ी मात्रा में रिफाइंड तेल सीज
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने साइट-5, कासना स्थित जानकी बल्लभ फूड्स प्राइवेट लिमिटेड की निर्माण इकाई पर छापा मारा।
जांच के दौरान:
Nutriglow ब्रांड रिफाइंड सोयाबीन ऑयल (750 ग्राम) का 1 नमूना
13 किग्रा टीन पैक सोयाबीन ऑयल का 1 नमूना
750 ग्राम पैक रिफाइंड पॉमोलिन ऑयल का 1 नमूना लिया गया।
जांच में पाया गया कि बिना फोर्टिफिकेशन किए उत्पादों पर फोर्टिफिकेशन का लोगो अंकित था तथा बैच नंबर से संबंधित अभिलेख मौके पर उपलब्ध नहीं कराए गए।
इस पर कार्रवाई करते हुए:
291 टीन रिफाइंड सोयाबीन ऑयल
3968 पैक्ड पाउच रिफाइंड सोयाबीन ऑयल
6995 पैक्ड पाउच रिफाइंड पॉमोलिन ऑयल सीज किए गए।
इसके अलावा Nutrilive Gold ब्रांड के 15 किग्रा के 91 टीन रिफाइंड पॉमोलिन एक्सपायर्ड पाए गए, जिनमें से एक नमूना लेकर शेष टीन भी सीज कर दिए गए।
5 नमूने लैब भेजे गए
कुल 5 नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग ने साफ किया है कि होली के मद्देनज़र बाजार में मिलावटखोरी पर विशेष अभियान जारी रहेगा, ताकि आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।

