नोएडा सेक्टर-22 में बिजली संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, JE महेश पर लगाए गंभीर आरोप
नोएडा। सेक्टर-22 में लगातार बिजली संबंधी समस्याओं से परेशान स्थानीय लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। क्षेत्र के निवासियों का आरोप है कि आए दिन बिजली व्यवस्था चरमराई रहती है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार कभी बिजली के तार टूट जाते हैं तो कभी ट्रांसफार्मर खराब हो जाता है, जिसके कारण सेक्टर-22 के विभिन्न ब्लॉकों में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होती रहती है। इसके अलावा मीटर और नए कनेक्शन से जुड़े मामलों में भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सेक्टर-22 के ए ब्लॉक निवासी विकास भारद्वाज (ऋषि) ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि सेक्टर-21 कार्यालय में तैनात जूनियर इंजीनियर महेश आम लोगों की समस्याओं पर ध्यान नहीं देते हैं। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है और फोन करने पर भी जवाब नहीं मिलता।
विकास भारद्वाज (ऋषि) ने कहा कि यदि जल्द ही क्षेत्र की बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वह इस मामले की शिकायत विभाग के उच्च अधिकारियों से करेंगे।
वहीं, क्षेत्र के अन्य लोगों ने भी बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग करते हुए विभाग से स्थायी समाधान की अपेक्षा जताई है। अब देखना होगा कि बिजली विभाग स्थानीय लोगों की शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाता है।
#Noida #Sector22 #ElectricityCrisis #PowerCut #NoidaNews #UPNews #KhabriUP

