खुले नाले में गिरी कार बाल बाल बचा सुशील त्यागी,फिर उठे सुरक्षा पर सवाल,क्या बड़ी घटना के इंतजार में हैं प्राधिकरण के अधिकारी?
ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। हाल ही में नोएडा में युवराज की दर्दनाक मौत के बाद भी प्राधिकरण ने सुरक्षा इंतजामों से कोई सबक नहीं लिया, जिसका नतीजा अब एक और गंभीर हादसे के रूप में सामने आया है।
ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र में हनुमान मंदिर के पास एक कार खुले नाले में जा गिरी। जानकारी के अनुसार, कार चालक सुशील त्यागी मंदिर की ओर जा रहे थे, तभी सड़क पर अत्यधिक अंधेरा होने और किसी प्रकार के रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत न होने के कारण उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे नाले में गिर गई।
कार चालक सुशील त्यागी ने बताया कि सड़क पर इतना अंधेरा था कि आगे कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। न तो वहां स्ट्रीट लाइट की उचित व्यवस्था थी और न ही खुले नाले के पास कोई रिफ्लेक्टर या बैरिकेडिंग की गई थी, जिससे हादसे को रोका जा सके।
यह घटना एक बार फिर प्राधिकरण की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। खुले नाले, खराब रोशनी और सुरक्षा इंतजामों की कमी लगातार हादसों को न्योता दे रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
अब सवाल यह है कि क्या ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण किसी बड़ी त्रासदी का इंतजार कर रहा है, या फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कार्रवाई की जाएगी?

